लालगंज कोतवाली के साहबगंज में गोली लगने से घायल युवक से पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : PRATAPGARH
संदिग्ध हालात में घर जा रहे बाइक सवार युवक को गोली लग गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। लालगंज कोतवाली के तुलापुर निवासी अजय सिंह उर्फ आशू सिंह (28) पुत्र इंद्रजीत सिंह मंगलवार की देर रात बाइक लेकर घर जा रहा था। लालगंज कोतवाली के साहबगंज बाजार में उसका बरिस्ता के कुछ लोगों से विवाद हुआ। अजय का आरोप है कि उसे बरिस्ता के रहने वाले रकीब खान ने उसके पैर में गोली मार दी। सूचना के बाद पुलिस पहुंचकर छानबीन करने लगी। बाजार के लोग फायर होने की जानकारी से इनकार कर रहे हैं। घायल अजय को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी के बाद इलाके में तनाव है। लालगंज कोतवाल ने बताया कि आरोपी बताए जा रहे रकीब खान को हिरासत में लिया गया है। मामला रुपये के लेनदेन का है। घटना की गहराई से छानबीन की जा रही है।