भुपियामऊ के पास एचटी लाइन में शॉर्टसर्किट के कारण शुक्रवार सुबह से दोपहर तक शहरी क्षेत्र में छह घंटे तक बिजली गुल रही। भुपियामऊ विद्युत उपकेंद्र के समीप एचटी लाइन में तेज आवाज के साथ शॉर्टसर्किट की सूचना विभागीय अधिकारियों को दी गई। पेट्रोलिंग कर बिजली कर्मियों ने फाल्ट हुई लाइन को ढूढ़ा। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आपूर्ति दोपहर तीन बजे बहाल हुई। वहीं ग्रामीण अंचल के भुपियामऊ, रानीगंज अजगरा व पहाड़पुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 200 गांवों में आपूर्ति बाधित रही। नेटवर्क की समस्या के चलते विभागीय अधिकारियों ने फोन नेटवर्क से बाहर रहे। जिस कारण उपभोक्ताओं को दिक्कत हुई।
शहर के मीराभवन, पूरे ईश्वरनाथ, अंबेडकर चौराहा, जीआईसी, केपी कॉलेज, बलीपुर समेत अन्य जगहों पर सुबह नौ बजे से आपूर्ति बाधित हो गई। दोपहर तीन बजे के बाद आपूर्ति सुचारु रूप से बहाल हो सकी। बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता सत्यपाल ने बताया कि एचटी लाइन में फाल्ट के चलते आपूर्ति बाधित हुई। बिजली कर्मियों ने बारिश के बीच लाइन को ठीक कर आपूर्ति को बहाल किया।