जिलाधिकारी ने आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की समीक्षा की
- एक दिन पूर्व अमर उजाला ने उठाया था आयुष्मान कार्ड में एक लाख लोगों के नाम गलत होने का मुद्दा
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनवाने की खराब प्रगति मिलने पर डीएम ने शिवगढ़ और मानधाता ब्लाॅक के खंड विकास अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने को कहा है। डीएम ने चेतावनी दी है कि अगर प्रगति में सुधार नहीं हुआ, तो आगे बड़ी कार्रवाई की जाएगी। अमर उजाला ने आयुष्मान कार्ड में एक लाख लोगों के के नाम गलत होने का मुद्दा मंगलवार के अंक में उठाया था। जिसके बाद अगले दिन डीएम ने योजना की समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में जिला समन्वयक डाॅ. सुधाकर को निर्देशित किया कि अब नगरीय क्षेत्रों में सभासदों के माध्यम से गोल्डन कार्ड बनवाए जाए। डीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पांच लाख तक निःशुल्क इलाज की सुविधा है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरते। अधिक से अधिक लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनवाए जाए। बैठक में सीडीओ ईशा प्रिया, सीएमओ डॉ. जीएम शुक्ल समेत सभी खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।