बाबा घुइसरनाथ धाम स्थित सई नदी में छलांग लगाने वाले युवक का दूसरे दिन शनिवार को भी देर शाम तक कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों ने दिन भर तलाशी अभियान जारी रखा। बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान प्रभावित हो रहा है। अमेठी जिले के संग्रामपुर थाना के पूरे शिवपाल डेहरा विशेषरगंज निवासी 25 वर्षीय रवि मौर्य ने शुक्रवार दोपहर धाम के सई पुल से नदी में छलांग लगा दी थी। घटना के बाद उसकी बाइक और मोबाइल फोन पुल पर ही मिले थे। परिजनों के अनुसार नदी में कूदने से पहले रवि ने अपने भाई अभिषेक को व्हाट्सएप पर आत्महत्या करने की सूचना भेजी थी। दूसरे दिन भी परिजन नदी किनारे युवक के मिलने की उम्मीद में बदहवास नजर आए। सांगीपुर एसओ गौरव त्रिवेदी का कहना है कि युवक की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। नदी में जाल डाला गया है और तीन किलोमीटर के एरिया में खोजबीन जारी है।