कार की टक्कर से मृत बुजुर्ग महिला की मौत के बाद पुलिस पर पथराव से तनाव को देखते हुए शुक्रवार को पुलिस लगातार गश्त करती रही। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही चीख- पुकार मच गई। पुलिस की मुस्तैद रही सो, बवाली भी दूर-दूर तक नजर नहीं आए।
लालगंज कोतवाली के कटरा दुग्धा निवासी रामसमुझ की पत्नी कृपाला (65) को बृहस्पतिवार दोपहर दवा लेकर घर लौटते समय कार ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। आक्रोशित लोगों ने रस्सी व ड्रम रखकर जलेसरगंज- हीरागंज मार्ग पर जाम लगा दिया था।
जाम खुलवाने पहुंचे सीओ लालगंज रामसूरत सोनकर ने लोगों को अर्दब में लेते हुए मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी। जिससे आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया था। सीओ की धमकी से उग्र लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया था। इसमे सीओ समेत पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
मामले में मृतका के पुत्र नोखेलाल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। रात में ही पुलिस ने सीओ रामसूरत सोनकर,इंस्पेक्टर विजयकांत सत्यार्थी, दरोगा जय प्रकाश, आरक्षी अभिषेक चौरसिया, महेश चौधरी,केहरी सिंह, पीआरडी जवान अर्चना व कुलदीप का मेडिकल कराया।
शुक्रवार को तनाव को देखते हुए पुलिस व पीएसी बाजार से लेकर नहर तक चक्रमण करती रही। शाम करीब चार बजे शव घर पहुंचते ही चीख पुकार मच गई। परिजनों ने रिश्तेदार के परदेश से आने के बाद शनिवार को अंतिम संस्कार की बात कही।
पहले भी हो चुका है पुलिस पर हमला
कटरा दुग्धा में पुलिस के ऊपर पहले भी हमला हो चुका है। करीब एक वर्ष पहले दबिश देने के दौरान महेशगंज थाना प्रभारी रहे अनिल पांडेय के ऊपर हमला हुआ था। इसके पहले लालगंज कोतवाल रहे तुषार दत्त त्यागी पर भी हमला हो चुका है। मनबढ़ लोग ऐसे मौके की तलाश में अक्सर रहते हैं। शुक्रवार को हुई घटना लालगंज कोतवाल अवन दीक्षित द्वारा गंभीरता से न लिया जाना भी माना जा रहा है।
कार चालक ने पहुंचाया घायल महिला को अस्पताल
हादसे के बाद चालक ने कुछ दूरी पर कार रोक दी। इसके बाद घायल कृपाला को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले गया। कुछ लोगों की मदद से उसे एंबुलेंस से ट्रामा सेंटर लेकर भागा। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने चालक कौशल को हिरासत में ले लिया।
लालगंज कोतवाली के कटरा दुगधा में पैदल मार्च करती पुलिस। संवाद
लालगंज कोतवाली के कटरा दुगधा में पैदल मार्च करती पुलिस। संवाद