तीन वर्ग में कुल 90 छात्रों को मिलेगी एक-एक हजार छात्रवृत्ति
अमर उजाला ब्यूरो
लखनऊ। प्रदेश में संस्कृत के प्रति विद्यार्थियों का रुझान बढ़ाने के लिए शासन की ओर से पहली बार प्रदेश में संस्कृत प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। उप्र माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की परीक्षा समिति की ओर से 30 सितंबर को प्रदेश भर में परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए 18,499 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है।
इसके लिए हर जिला मुख्यालय के राजकीय बालक व बालिका इंटर कॉलेज में परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिला मुख्यालय पर राजकीय विद्यालय न होने की स्थिति में प्रतिष्ठित सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय में परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा का आयोजन तीन वर्ग में किया जाएगा। इसके टॉप 30-30 छात्रों को 1000 रुपये प्रति माह साल भर तक छात्रवृत्ति दी जाएगी।
परिषद के सचिव राधा कृष्ण तिवारी ने बताया कि परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रथमा (कक्षा 6, 7, 8) वर्ग में 6388, पूर्व मध्यमा (कक्षा 9, 10) वर्ग में 7319 तथा उत्तर मध्यमा (कक्षा 11, 12) वर्ग में 4792, कुल 18,499 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन पहली बार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रतिभावान छात्रों को खोजकर उनको आर्थिक सहायता प्रदान कर प्रोत्साहित किया जाना है। इसके लिए जल्द ही सेंटर तय कर विद्यार्थियों का प्रवेश पत्र भी जारी कर दिया जाएगा।