रानीगंज तहसील क्षेत्र के संसारपुर में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए 23.12 करोड़ रुपये का बजट मिला है। 17 हेक्टेयर में फैले औद्योगिक क्षेत्र में एक जनपद, एक उत्पाद को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही अमृतफल आंवला के लिए खास उद्योग की स्थापना होगी। जिले में निवेश करने के लिए आवेदन करने वाले उद्यमियों को भूखंड आवंटित किए जाएंगे। सोमवार से यूपी एसआईटी चहारदीवारी का निर्माण प्रारंभ करेगी।
जिले में उद्योग के नाम पर फिलहाल कुछ भी नहीं है। तीन दशक से शहर से सटे कटरामेदनीगंज में स्थित एटीएल फैक्ट्री बंद पड़ी है। एटीएल के बाद कई बार जिले में उद्योग स्थापित करने की पहल की गई, मगर सफलता नहीं मिल सकी। अब रानीगंज के संसारपुर गांव में 17 हेक्टेयर जमीन पर औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की जाएगी।
सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग ने औद्योगिक क्षेत्र को विकसित करने के लिए अपनी मुहर लगा दी है। चिह्नित औद्योगिक स्थल को सुरक्षित करने के लिए सबसे पहले चहारदीवारी का निर्माण कराया जाएगा। शासन ने उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम( यूपी एसआईटी) को औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की जिम्मेदारी सौंपी हैं। निगम के अफसर सोमवार से निर्माण कार्य प्रारंभ करने का दावा कर रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि जिले में निवेश करने के लिए आवेदन करने वाले उद्यमियों को संसारपुर में ही भूखंड आवंटित किए जाएंगे।
औद्योगिक क्षेत्र को विकसित करने के लिए शासन ने मंजूरी प्रदान करने के साथ ही बजट भी आवंटित कर दिया है। सोमवार से यूपी एसआईटी की टीम निर्माण कार्य प्रारंभ करेगी।
दिनेश चौरसिया, उपायुक्त, जिला उद्योग केंद्र