सकरनी नदी में अब गर्मी के दिनों में भी पशु-पक्षियों को पानी पीने के लिए मिलेगा। 1.35 करोड़ रुपये से सकरनी नदी की खोदाई करने के लिए बृहस्पतिवार को सांसद संगमलाल गुप्ता, विश्वनाथगंज विधायक जीतलाल पटेल और सीडीओ नवनीत सेहरा ने आधारशिला रखी। सकरनी के उद्गम स्थल पर विधि -विधान से पूजन अर्चना कर खोदाई की शुरुआत की गई।
सकरनी नदी का उद्गम स्थल विकास खंड मानधाता की ग्राम पंचायत नेवाड़ी स्थित खुइलन तालाब से है। यह नदी जनपद के मानधाता, लक्ष्मणपुर एवं सदर के कई ग्राम पंचायतों से होती हुई सई नदी से मिल जाती है।
सांसद संगमलाल गुप्ता ने कहा, नदी के पुनरोद्धार की परिकल्पना ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को जागरूक करने एवं एकता के सूत्र में संजोने के लिए की गई है। ग्राम पंचायत के सभी लोगों को जोड़ते हुए श्रमदान से नदी के स्वरूप को बदला जाएगा। इसके पुनरोद्धार का मुख्य उद्देश्य सकरनी नदी की अविरलता एवं निर्मलता को बढ़ाना है। इससे जल स्तर में बृद्धि होगी।
सीडीओ ने कहा,नदी के पुनरोद्धार से मनरेगा जाबकार्ड धारकों को अपनी ही ग्राम पंचायत में रोजगार मिलेगा। साथ ही जलीय जीव व पशु-पक्षियों को पीने के पीने की समस्या नहीं होगी। इस मौके पर अजय क्रांतिकारी, ग्राम प्रधान, सचिव और स्थानीय लोग मौजूद रहे।