लखनऊ- वाराणसी राजमार्ग पर मोहनगंज विक्रमपुर में गैस टैंकर पलटने से पूरे रायजू पुरबिया पट्टी के भैयाराम के मकान की छत व दीवार दरक गई। गनीमत की बात रही कि टैंकर पलटने के बाद हवा में उछला तो जरूर, लेकिन अधिक दूरी पर दोबारा नहीं गिरा।
घटना के समय मौके पर मौजूद भैयाराम ने बताया कि लालगंज की ओर से गैस टैंकर आ रहा था। शहर की ओर से टेंपो। ट्रक के आगे बाइक सवार स्टंट करते निकला। उसे लड़खड़ाता देख टेंपो चालक बचने के लिए पटरी की ओर भागा। गैस टैंकर के चालक ने ब्रेक लगा दी। जिससे टैंकर विपरीत दिशा में घूमकर पटल गया।
इस बीच टेंपो को रौंदते हुए टैंकर पलट गया। टेंपो पर पलटा टैंकर उछल गया। झटके के बाद टेंपो आगे बढ़ गया। इस दौरान लीलापुर के विक्रमपुर निवासी साइकिल सवार अकबाल बहादुर सिंह भी चपेट में आकर घायल हो गए। टैंकर के पीछे का हिस्सा एक पेड़ से टकराया। जिसके झटके से भैयाराम के मकान की छत व दीवारें दरक गईं। उस समय घर में भैयाराम व उसकी पत्नी धनपत्ति मौजूद थे। घटना को याद कर उनके रोंगटे खड़े हो जा रहे थे।
अभी नहीं दर्ज हुआ मुकदमा
क्षेत्र के मोहनगंज विक्रमपुर में हुए हादसे में 12 लोगों की मौत और चार घायलों के मामले में अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। एसओ सुभाष यादव ने बताया कि तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गैस टैंकर चालक की तलाश की जा रही है।
2016 में राधेश्याम ने खरीदा था टेंपो, तीन सवारियां बैठाने का है परमिट
लीलापुर थाना क्षेत्र के मोहनगंज विक्रमपुर में सोमवार को गैस टैंकर के रौंदने से टेंपो सवार 12 लोगों की मौत के बाद पुलिस व परिवहन विभाग की टीम छानबीन करने लगी। एआरटीओ दिलीप गुप्ता ने बताया कि टेंपो भैरोपुर नौबस्ता के रहने वाले राधेश्याम के नाम पंजीकृत है। 26 अगस्त 2016 का पंजीकरण है। फिटनेस व परमिट भी है। चालक के अलावा टेंपो पर तीन सवारियां बैठाने का नियम है। जांच के बाद पता चलेगा कि घटना के समय कितनी सवारियां बैठी थीं।