अंतू थाना क्षेत्र के बभनी बाजार स्थित दुकान से कपड़ा खरीदकर सोमवार दोपहर स्कूटी से लौट रही दरोगा की पत्नी की चेन छीनकर बदमाश भाग निकले। सूचना के बाद विलंब से पहुंची पुलिस छानबीन की लकीर पीटती रही। घटना से खलबली मची रही।
पुलिस लाइन में तैनात दरोगा श्याम सुंदर सिंह रूपापुर में किराए के मकान में परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार को उनकी पत्नी इंदिरा सिंह मकान मालिक की बेटी संग स्कूटी से बभनी बाजार मिश्रीलाल की दुकान पर कपड़ा खरीदने गई थी। वहां से लौटते समय शुकुलपुर मोड़ के करीब पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाश स्कूटी रोक लिए। असलहे के बल पर जान से मारने की धमकी देते हुए इंदिरा सिंह के गले की चेन छीन लिए। जिसकी कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। लोगों को आता देख बदमाश भाग निकले। सूचना मिलने पर पीआरवी टीम पहुंचकर छानबीन करने लगी। लोगों का कहना था कि यदि सूचना के बाद समय से पुलिस पहुंचती तो बदमाशों की घेराबंदी कर पकड़ा जा सकता था। अब पुलिस बदमाशों के भागने व आने की दिशा में लगे सीसीटीवी खंगालने की बात कर रही है। थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की खोजबीन की जा रही है।