शासन से आदेश आते ही तैयारी में जुटा विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। रक्षाबंधन पर हर वर्ष की भांति इस बार भी शासन ने बहनों को परिवहन निगम की बसों से मुफ्त यात्रा की सौगात दी है। भाइयों के हाथों में रक्षासूत्र बांधने के लिए जाने वाली बहनों को किराया नहीं देना होगा। इस बार 29 अगस्त की रात 12 बजे से 31 की रात 12 बजे तक महिलाओं को किराया नहीं देना पड़ेगा।
भाई-बहन के अटूट रिश्ते का पर्व 30 और 31 अगस्त को है। भाइयों के घर जाने और रक्षा सूत्र बांधकर लौटने के लिए इस बार उत्तर प्रदेश सरकार 29 की आधी रात 12 बजे से लेकर 31 की रात 12 बजे तक मुफ्त में सफर कराएगी। बहनों से किराया नहीं लिया जाएगा। यात्रा में सुलभता देने के लिए प्रदेश सरकार ने पूर्व में परिवहन निगम की बसों में बहनों को मुफ्त यात्रा करने की सौगात दी थी। जिसको इस बार भी जारी रखा है। एआरएम पीके कटियार ने बताया कि रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त यात्रा कराने से संबंधित आदेश आ गया है।
-
नौ हजार महिलाओं ने 2022 में बस से की थी मुफ्त यात्रा
रक्षाबंधन पर पिछली बार योगी सरकार ने दो दिनों के लिए मुफ्त में बहनों को सफर कराया था। रोडवेज एआरएम ने बताया कि पिछले साल लगभग नौ हजार बहनों ने प्रतापगढ़ और लालगंज डिपो की बसों से सफर किया था। इसके अलावा लखनऊ और प्रयागराज डिपो की बसों को भी संचालित किया गया था।
इस मार्ग पर चलेंगी बसें
इस बार दो बस का संचालन कटरामेदनीगंज, भगवतगंज, मानधाता और कटरागुलाब सिंह होते हुए प्रयागराज के लिए संचालित किया जाएगा। वहीं एक बस मदाफरपुर से कोनी प्रतापगढ़, प्रयागराज वापसी अयोध्या जाएगी। लौटकर फिर मदाफरपुर जाकर रुक जाएगी। इसके अलावा एक बस बीरापुर, रानीगंज प्रतापगढ़ और प्रयागराज तो पट्टी से प्रतापगढ़, प्रयागराज व पट्टी लखनऊ के लिए भी बस का संचालन किया जाएगा। इस बार प्रत्येक बाजार तक रोडवेज बस को पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।