रानीगंज थाना क्षेत्र में बोलेरो की टक्कर से एक दूध विक्रेता की मौत हो गई। वह रानीगंज में दूध बेचकर बाइक से घर लौट रहा था।
रानीगंज थाना के सुलतानपुर हलाल का पुरवा निवासी दयाशंकर यादव (40) पुत्र जंगबहादुर दूध बेचकर अपना परिवार पालता था। मंगलवार को वह बाइक से दूध बेचने के लिए रानीगंज बाजार गया था। दोपहर में दूध बेचकर घर लौट रहा था। जैसे ही मीरपुर के पास पहुंचा कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे गंभीर हालत में रानीगंज सीएचसी में भर्ती कराया। हालत नाजुक देख कर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के इमरजेंसी में चिकित्सक के न होने के चलते उसका इलाज नहीं हो सका। इससे उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन हंगामा करते हुए चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाने लगे।