सत्र न्यायाधीश प्रदीप कुमार सिंह की कोर्ट में गाजीपुर पुलिस ने मंगलवार को हत्या के मामले में साक्षी रिटायर्ड इंस्पेक्टर लल्लन सिंह यादव को पेश किया।
कोर्ट ने रिटायर्ड इंस्पेक्टर के खिलाफ नाराजगी जताते हुए पुलिस अधीक्षक गाजीपुर को पत्र लिखकर कहा था कि उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कराया जाए। कोर्ट के डीजीसी योगेश कुमार शर्मा व एडीजीसी विक्रम सिंह ने बताया कि रानीगंज इलाके के अमापुर गांव के वादी विजय शंकर यादव ने रानीगंज थाना में 25 सितंबर 2019 को मुकदमा दर्ज कर आरोप लगाया था कि उनके चाचा रामजस संदिग्ध दशा में घर से गायब हुए थे।
अगले दिन रामजस का शव पानी से भरे गड्ढे में उतराया मिला था। इस मामले की सुनवाई के दौरान रिटायर्ड इंस्पेटर कोर्ट में नहीं आ रहे थे। ऐसे में कोर्ट ने गाजीपुर पुलिस को उन्हें गिरफ्तार कर पेश कराने को कहा था। सोमवार को इस मामले की सुनवाई के दौरान गाजीपुर के नोनहरा थाने के उपनिरीक्षक सुदाम व सिपाही दीनदयाल यादव रिटायर्ड इंस्पेक्टर को लेकर कोर्ट पहुंचे।
मामले में सुनवाई के दौरान कोर्ट ने आरोपी इंस्पेक्टर को दस हजार रुपये के व्यक्तिगत बंधपत्र पर छोड़ दिया। अगली तिथि पर समय से कोर्ट पहुंचने का निर्देश दिया।