पट्टी कोतवाली के महोखरी में शुक्रवार की सुबह हरा चारा काटते समय करंट की चपेट में आने से सेवानिवृत्त विद्युतकर्मी गिरिजापति की मौत हो गई। जिससे परिजन रोते बिलखते रहे।
महोखरी के रहने वाली 62 वर्षीय गिरिजापति यादव शुक्रवार की सुबह पशुओं के लिए हरा चारा काटने के लिए इलेक्ट्रॉनिक मशीन चलाने लगे। इस बीच वह करंट की चपेट में आ गए। उनकी चीख सुनकर परिवार के लोग शोर मचाते हुए दौड़ पड़े। किसी तरह तार से बचाकर उन्हें बाहर निकाला। हालांकि तब तक वह गंभीर रूप से झुलस गए थे। आनन-फानन में परिजन उन्हें उपचार के लिए सीएचसी पट्टी लेकर पहुंचे। जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। वहां ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। परिजन रोते बिलखते शव लेकर घर लौट आए। मृतक के दो बेटे जितेंद्र व सुरेंद्र व दो बेटियां हैं।
घायल संकीर्तन संचालक की मौत
बीरापुर। पट्टी कोतवाली के नंदईपुर निवासी 45 वर्षीय ललित कुमार शर्मा उर्फ राजू शर्मा 28 अगस्त को बाइक से दवा लेने बाजार की ओर जा रहे थे। पूरे धना गांव के करीब आवारा मवेशियों से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उपचार के लिए पहले प्रयागराज और बाद में लखनऊ ले गए। जहां उपचार के दौरान शुक्रवार भोर में उनकी मौत हो गई। खबर मिलने पर परिजन रोने बिलखने लगे। मृतक के बेटे रोहित और मोहित के अलावा बेटी कोमल, पूनम व पत्नी फूलमनी सदमे में रहे। मृतक कमलेश्वरनाथ धाम संकीर्तन के संचालक थे।