मेडिकल कॉलेज से हटाए जाने के विरोध में फार्मासिस्ट, एक्सरे टेक्नीशियन, लैब टेक्नीशियन सहित अन्य नियमित कर्मचारी सुबह आठ बजे से दस बजे तक कार्य बहिष्कार कर सांकेतिक हड़ताल पर चले गए। इससे मरीजों को परेशान होना पड़ा।
जिला अस्पताल को उच्चीकृत कर स्वशासी मेडिकल कॉलेज बनाए जाने के बाद नियमित चिकित्सकों के साथ फार्मासिस्ट, एक्सरे टेक्नीशियन, लैब टेक्नीशियन के साथ वार्डब्वाय को कार्यमुक्त कर लखनऊ भेजा जा रहा है। यहां से नई तैनाती नहीं मिल पा रही है। इससे कर्मचारियों का वेतन नहीं आ रहा है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इससे मेडिकल कॉलेज के फार्मासिस्टों के साथ अन्य कर्मचारियों ने सोमवार को आठ बजे से दस बजे तक सांकेतिक हड़ताल की। इससे दवा काउंटर, एक्सरे सेंटर, लैब सहित अन्य जगह कार्य प्रभावित रहा। इस दौरान आउटसोर्सिंग कर्मचारी दवा वितरण के साथ जांच करा रहे थे। इससे हड़ताल का बहुत ज्यादा असर देखने को नहीं मिला। इस मौके पर फार्मासिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष एसवी शुक्ल, राकेश यादव, वीके श्रीवास्तव, अनीस, राजकुमार सिंह, राजन, रमेश पांडेय, कैलाश और सौरभ मिश्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।