गुरु पूर्णिमा पर कृपालु धाम मनगढ़ में कृपालु भक्ति परिषद के संयोजन में सोमवार को गुरु पूर्णिमा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। धाम पहुंचे देश विदेश के हजारों सत्संगियों ने सोमवार की सुबह से ही जगद्गुरु कृपालु महाराज की पूजा अर्चना की।
भक्ति परिषद की अध्यक्ष डॉ.विशाखा त्रिपाठी,डॉ.कृष्णा त्रिपाठी, डॉ.श्यामा त्रिपाठी की देखरेख में मनगढ़ धाम परिसर में राधे- राधे की गूंज के बीच देश-विदेश के भक्तों की टोली ने नृत्य किया। मनगढ़ धाम के आसपास प्रदेश के अलग- अलग जनपदों से भक्तों की टोली के आने का क्रम जारी रहा। यातायात सहित अन्य व्यवस्थाओं को देखने के लिए पुलिस टीम तैनात रही।
गोपाल मंदिर तथा साई धाम पर पूजन
गुरु पूर्णिमा पर शहर के मेडिकल कॉलेज के पास गोपाल मंदिर में सोमवार को गायत्री परिवार के नेतृत्व में पूजन किया गया। गायत्री परिवार से जुड़े सदस्यों ने गुरुओं का पूजन कर अंग वस्त्र भेंट किया। इधर शहर के बलीपुर स्थित साई धाम पर समिति के अध्यक्ष शैलेंद्र नाथ मिश्रा के नेतृत्व में पूजन किया गया।