कटरामेदनीगंज नगर पंचायत में मतदाता सूची से नाम काटे जाने के विरोध में प्रदर्शन करते लोग। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
नगर पंचायत कटरा मेदनीगंज में सैकड़ों लोगों ने नाम मतदाता सूची से गायब होने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को प्रदर्शन किया। मतदाताओं को आरोप है कि साजिश के तहत उनके परिवार के सदस्यों का नाम काटा गया है।
नगर पंचायत के अस्थायी कार्यालय परिसर में जुटे लोग नारेबाजी करते रहे।
आरोप लगाया कि मतदाता सूची से नाम कटवाने के लिए विलोपन फार्म भरकर फर्जी हस्ताक्षर कराया गया है। जिन मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से काटा गया है, वह निरक्षर हैं और अगूंठा लगाते हैं। जबकि मतदाता सूची से नाम काटने के लिए जो फार्म भरा गया है, उसमें हिंदी में हस्ताक्षर किए गए हैं।
अनिल कुमार, राम सहाय, अमृत, रानी, इकबाल ने डीएम से मांग की है कि मतदाता सूची में उनके परिवार का नाम शामिल किया जाए। नगर पंचायत कटरा मेदनीगंज के पूर्व चेयरमैन रामकिशोर साहू ने कहा कि निर्वाचन विभाग और प्रशासन मतदाता सूची से काटे गए नामों को सूची में शामिल कराए। अन्यथा नाम नहीं जोड़ा गया तो वे डीएम कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।