सोमवार को शहर के जीआईसी में पीठासीन और प्रथम मतदान अधिकारियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ हुआ। डीएम संजीव रंजन और सीडीओ नवनीत सेहारा ने प्रशिक्षण स्थलों का निरीक्षण कर कर्मचारियों से पूर्ण मनोयोग से प्रशिक्षण प्राप्त करने को कहा। डीएम ने कहा कि जो कुछ शंका हो उसका समाधान अपने मास्टर ट्रेनर से कर लें। पीठासीन अधिकारियों ने ईवीएम जोड़ने के बाद चलाकर चुनाव की यादों को ताजा किया।
शहर के जीआईसी में हुए प्रशिक्षण में मोबाइल फोन के प्रयोग पर पूरी तरह मनाही थी। डीएम ने प्रशिक्षु कार्मिकों से प्रश्न भी किया और सही उत्तर मिलने पर संतुष्ट हुए। प्रशिक्षण लेने आए कर्मचारियों को मतदाता प्रतिशत संकलन (एमपीएस) एप का प्रयोग करने का तरीका बताया गया। प्रशिक्षण में सुपर मास्टर ट्रेनर्स के रूप में डाॅ. विंध्याचल सिंह, मो. अनीस, धर्मेंद्र ओझा, अशोक शुक्ला एवं नसीमुद्दीन रहे। मतदान कार्मिकों को प्रोजेक्टर के माध्यम से पीठासीन के कार्य, कितने प्रकार के लिफाफे जमा करते है, ईवीएम को जोड़ने का सही क्रम क्या है की जानकारी दी गई। इस मौके पर डीडीओ राकेश प्रसाद, डीआईओएस सरदार सिंह, बीएसए भूपेंद्र सिंह मौजूद रहे।