आईजीआरएस निस्तारण में प्रदेश में अव्वल, जुलाई में मिला था 30वां स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। प्रदेश सरकार की ऑनलाइन शिकायत प्रणाली जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) से अगस्त माह में मिली शिकायतों के निस्तारण में जिले की पुलिस ने 10 में 10 अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है।
जुलाई में शिकायतों के निस्तारण में 30वां स्थान मिला था। अगस्त की इस उपलब्धि के पीछे पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल द्वारा गठित फीडबैक सेल की सत्यापन प्रक्रिया को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ऑनलाइन शिकायत प्रणाली में शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण की अपेक्षा रहती है। तय तिथि तक निस्तारण न होने पर संबंधित विभागों पर सख्ती की जाती है और विभागीय कार्रवाई भी की जाती है। जनसुनवाई पोर्टल पर आने वाली शिकायतों और उनके निस्तारण का लखनऊ मुख्यालय से मूल्यांकन होता है, जिसमें निस्तारण के आधार पर रैंकिंग तय की जाती है।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी रोहित मिश्रा ने बताया कि जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को संज्ञान में लेकर उनके समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों निर्देशित किया जाता है। पोर्टल पर आने वाली व कार्यालय में प्राप्त शिकायतों को पुलिस कार्यालय में गठित फीडबैक टीम की ओर से संबंधित थानों पर ऑनलाइन भेजकर सत्यापन कराया जाता है। थाना प्रभारी प्राप्त संदर्भों की जांच आख्या ऑनलाइन दिए गए समय के अनुसार संबंधित को भेजते हैं।
इनसेट
कसक...चार थाने रह गए पीछे
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चमी ने बताया कि 24 में 20 थानों ने निर्धारित समय के अंदर शत-प्रतिशत शिकायतों को गुणवत्तायुक्त निस्तारित किया है।जिले के चार थाने शत-प्रतिशत निस्तारण में पीछे रह गए। थानावार बात की जाए तो पट्टी 1319, जेठवारा 1142, बाघराय 1142 व मानिकपुर 1334 स्थान पर रहे।