कॉलेज से छुट्टी होने पर शनिवार की शाम घर जा रही छात्रा के साथ तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। शिकायत मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिसकर्मी आरोपियों की तलाश में दबिश दिए लेकिन कोई नहीं मिला।
आसपुर देवसरा की रहने वाली बीए की छात्रा शनिवार को कॉलेज पढ़ने गई थी। शनिवार की शाम छुट्टी के बाद वह पैदल ही घर जा रही थी। पीड़िता के अनुसार उपाध्यायपुर प्राथमिक विद्यालय नहर पुलिया के करीब पहले से मौजूद तीन युवक उसे पकड़कर घसीट ले गए। उसके साथ तीनों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। उसे अर्धबेहोशी की हालत में छोड़कर भाग निकले। वह किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई।
रोता बिलखता पिता कोतवाली पहुंचकर पुलिस को मामले से अवगत कराया। सामूहिक दुष्कर्म की खबर मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस पीड़िता को लेकर घटनास्थल पर पहुंची। कुछ ही देर में सीओ पट्टी मनोज रघुवंशी भी वहां पहुंचकर छानबीन करने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी पूर्वी शैलेंद्र लाल भी पहुंचकर पीड़िता का बयान लिया। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है।
आरोपी व छात्रा के बीच मोबाइल से हुई है बातचीत
पट्टी कोतवाल का दावा है कि आरोपियों व छात्रा और उसकी सहेली के बीच बातचीत होती है। जांच के दौरान मोबाइल चैटिंग भी मिले हैं। उनके मिलने के बाद ही घटना की हकीकत का पता चलेगा।