क्षेत्र के लोगों के भी अजब ठाठ है। यहां नीली बत्ती लगी एक गाड़ी से धान की बेहन ढोई जा रही है। यह देखकर गांव के लोग भी भौचक हैं। पता चला है कि यह जनपद के एक तहसीलदार की गाड़ी है जो रिश्तेदारी में आई हुई है। मानिकपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गड़ौली गांव में एक नीली बत्ती लगी कार से कुछ लोगों को धान की नर्सरी से बेहन की बाट ढोते देखा गया। दो दिन इस कार से धान की बाट ढोई जा रही है। लोगों को इसको लेकर कौतूहल है तो इस तरह सरकारी कार का प्रयोग होते देख भौचक भी हैं। यही नहीं इस बारे में न तो प्रशासन के लोगों ने कुछ पूछताछ की । और न ही इस गाड़ी के स्वामी को ही इसकी कोई फि क्र है। सूत्र बताते हैं कि यह गाड़ी जनपद के एक तहसीलदार की है जो उनके रिश्तेदार लेकर आए हैं। फिलहाल गाड़ी पर अगर तहसीलदार नहीं हैं तो उस पर नीली बत्ती नहीं होनी चाहिए, लेकिन इस पर बाकायदा नीली बत्ती लगी हुई है और इससे धान लगाने के लिए बेहन ढोई जा रही है। इसको लेकर क्षेत्र में दो दिन से चर्चाओं का बाजार गर्म है।