घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला।
कोहड़ौर थाना क्षेत्र के मदुरा रानीगंज गांव में रविवार सुबह मामूली कहासुनी के बाद स्कॉर्पियो सवार तीन युवकों पर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन मोटरसाइकिलों से पहुंचे युवकों ने स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया। गाड़ी नहीं रुकने पर उस पर छह-सात राउंड गोलियां चलाईं। साथ ही ईंट से हमला कर शीशा भी तोड़ दिया। हालांकि, स्कॉर्पियो सवार तीनों युवक बाल-बाल बच गए।
मदुरा रानीगंज गांव निवासी आशीष तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने मित्र सागर त्रिपाठी और नंदन मिश्र के साथ सागर का खेत देखने गए थे। तीनों काले रंग की स्कॉर्पियो से पहुंचे थे। आरोप है कि खेत के पास इज्मामुल पहुंचा और इलाके में आने को लेकर पूछताछ करते हुए अनुमति लेने की बात कही। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।
विवाद की आशंका होने पर तीनों स्कॉर्पियो से घर लौटने लगे। आरोप है कि रास्ते में इज्मामुल और फैसल अपने साथियों के साथ तीन मोटरसाइकिलों से पहुंचे और उनकी गाड़ी रोकने का प्रयास किया। स्कॉर्पियो नहीं रुकने पर इज्मामुल और फैसल ने गाड़ी को निशाना बनाकर छह-सात राउंड फायरिंग की। वहीं, उनके साथियों ने ईंट से हमला कर गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। आरोप है कि हमलावरों ने काफी दूर तक उनका पीछा भी किया।
आशीष स्कॉर्पियो लेकर किशुनगंज बाजार पुलिस चौकी पहुंचा। पुलिस चौकी देखकर हमलावर आगे निकल गए। इससे तीनों युवकों की जान बच सकी।
फायरिंग की सूचना पर सीओ सिटी ने कोहड़ौर थानाध्यक्ष रोहित सिंह के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ितों से पूछताछ की। पुलिस को घटनास्थल से एक खोखा भी मिला है। पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।