गांजा और तमंचे के साथ गिरफ्तार आरोपी।
- फोटो : संवाद।
प्रतापगढ़ में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध शस्त्र रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लीलापुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में की गई कार्रवाई में पुलिस टीम ने प्राथमिक विद्यालय सगरा सुन्दरपुर के पास से जयप्रकाश उर्फ भाले सिंह (43) निवासी ग्राम डांड़ी खास, थाना लीलापुर को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के दौरान आरोपी को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से पालीथीन सहित कुल 226 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा 0.32 बोर की एक पिस्टल, दो मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस और 315 बोर के दो जिंदा कारतूस भी मिले। पुलिस ने गांजा बिक्री से मिले 900 रुपये और रियलमी कंपनी का एक मोबाइल भी बरामद किया।
कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी लालगंज राजीव द्विवेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी लीलापुर वारिज कसेरा के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपक कुमार यादव, केशव राम, शिशर पटेल समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में थाना लीलापुर में मुकदमा अपराध संख्या 325/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट और 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।