तेज आंधी व पानी के चलते लगातार चौथे दिन सैकड़ों गांवों की बत्ती गुल रही। इससे पहले संविदा कर्मियों की हड़ताल से भी दो दिन लोग बिजली के लिए तरस गए थे। बिजली के लिए तरस रहे लोगाें में हाहाकार मचा हुआ है। अधिकारियों व कर्मचारी बिजली बनाने में लापरवाही बरत रहे हैं। लालगंज तहसील क्षेत्र के दर्जनभर विद्युत उपकेंद्रों के अंतर्गत आने वाले सैकड़ों गांव की विद्युत सप्लाई चार दिनों ठप है। सोमवार व मंगलवार को उपकेंद्रों के संविदा कर्मियों ने सात महीने से बकाया चल रहे मानदेय की मांग को लेकर हड़ताल कर दी। इससे सैकड़ों गांवों की सप्लाई दो दिन तक पूरी तरह से ठप रही। हड़ताल समाप्त हुई तो लोगों को लगा कि अब समस्या दूर हो जाएगी। लेकिन मंगलवार और बुधवार की रात तेज आंधी के साथ बारिश से चरमराई विद्युत आपूर्ति अभी तक बहाल नहीं हो सकी है। कई जगह तार व पोल उखड़ने और पेड़ों के गिरे होने से गुरुवार को शाम तक दर्जनभर उपकेंद्र शोपीस बने रहे। चार दिनों से तहसील क्षेत्र के गांवों में बिजली नहीं आने से चारों ओर हाहाकार मचा हुआ है। लोगाें को बिजली नहीं मिलने से पानी के लिए भी परेशानी हो रही है। लोगों का कहना है कि अधिकारी और कर्मचारी लापरवाही कर रहे हैं।