शहर के पंद्रह केंद्रों पर रविवार को पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा होगी। पहली और दूसरी पाली में होने वाली परीक्षा में 7653 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रिंसिपल ने छात्र-छात्राओं से ऑनलाइन प्रवेश पत्र प्राप्त करने को कहा है। जिले के राजकीय और निजी पॉलीटेक्निक प्रशिक्षण संस्थानों में दाखिले के लिए रविवार को जिले के 7653 छात्र-छात्राएं अपनी किस्मत आजमाएंगे। शहर के 15 केंद्रों पर होने वाली परीक्षा को दो जोन में बांटा गया है। पहले जोन में राजकीय पॉलीटेक्निक चिलबिला, श्रीकृष्ण उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिलबिला, श्रीराम बालिका इंटर कॉलेज चिलबिला, पं. सुखराजी टेकभनोलाजी कॉलेज चिलबिला, माडर्न साइंस इंटर कॉलेज भगवाचुंगी, संत एंथोनी इंटर कॉलेज सिविल लाइन, मथुरा इंटर कॉलेज चिलबिला और दूसरे जोन में साकेत गर्ल्स इंटर कॉलेज और पीजी कॉलेज, पीबी इंटर कॉलेज और डिग्री कॉलेज, एमडीपीजी कालेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। पहले पाली की परीक्षा सुबह आठ बजे से 11 बजे तक और दूसरे पाली की परीक्षा 2.30 बजे से 5.30 बजे के बीच होगी। राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल एसके वर्मा ने बताया कि प्रवेश परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा में कुल 7653 परीक्षार्थी शामिल होंगे। उन्होंने बताया प्रवेश परीक्षा के आवेदन करने वाले विद्यार्थी इंटरनेट से प्रवेश पत्र डाउन लोड कर सकते हैं।