सोशल मीडिया पर 24 घंटे रहेगी पुलिस की नजर, बनी सेल
- अफवाह फैलाने वालों के साथ ही प्रत्याशियों के पक्ष में उत्तेजित करने वाली हर पोस्ट पर रहेगी नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। आदर्श आचार संहिता लागू होते ही पुलिस भी पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। सोशल मीडिया के जरिए लोकसभा चुनाव को लेकर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले और खुराफातियों पर 24 घंटे नजर रखने के लिए टीम गठित की गई है। टीम में एक निरीक्षक, तीन दरोगा और 15 सिपाहियों को लगाया गया है।
लोकसभा चुनाव में भाजपा व सपा ने ही अभी तक उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं। अक्सर चुनाव में असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के जरिए समाज में तनाव बढ़ाते हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने अपने सोशल मीडिया सेल को मजबूत करना शुरू कर दिया है। सेल के सदस्यों को प्रशिक्षण देकर सोशल मीडिया पर निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह सेल आपराधिक प्रवृत्ति वाले व खुराफातियों पर शिकंजा कसेगी, ताकि जिले का माहौल तनावपूर्ण न हो सके।
इनसेट -
सेल की यह रहेगी जिम्मेदारी
वॉट्सएप ग्रुप, ट्विटर(अब एक्स), इंस्टाग्राम पर भड़काऊ वीडियो, मेसेज अपलोड कर शांति भंग करने वालों पर निगरानी रखने का काम करेगी। ऐसी पोस्ट को चिह्नित कर सोशल मीडिया साइट्स के हेड ऑफिस भेजकर 24 से 48 घंटे के भीतर उनकी आईडी को बंद कराया जाएगा।
...
वर्जन -
शरारती तत्वों और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने वालों पर पुलिस की पैनी नजर होगी। इसके लिए टीम गठित कर दी गई है। यह सोशल मीडिया और फर्जी न्यूज की निगरानी करेगी। ऐसे लोगों की आईडी बंद कराते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - सतपाल अंतिल, पुलिस अधीक्षक