जेठवारा थाना क्षेत्र के खटवारा निवासी राजू सिंह की रविवार की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। तीन हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के बाद फरार चल रहे आरोपी जितेंद्र की तलाश में पुलिस ने दबिश तेज कर दी है। मृतक की पत्नी के भाई जितेंद्र वर्मा, पिंटू वर्मा, अरूण वर्मा व तेज बहादुर ने घटना को अंजाम दिया था। प्रेम विवाह से नाराज भाइयों ने गोली मारकर बहनोई की हत्या से बदला पूरा किया। घटना के अगले दिन सोमवार को पुलिस ने अरूण को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार की रात पुलिस मुठभेड़ में पिंटू और तेज बहादुर भी गिरफ्तार हो गए, लेकिन जितेंद्र पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका है। एएसपी पश्चिमी बृजनंदन राय ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए स्वाट टीम के साथ जेठवारा पुलिस दबिश दे रही है।