कुंडा इलाके में मदरसे के एक छात्र के कथित अपहरण के मामले की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है। छात्र से पूछताछ के बाद पुलिस संदिग्धों की तलाश कर रही है। कुंडा के रहवई निवासी ई-रिक्शा चालक अंसार अहमद का छोटा बेटा मोहम्मद अहमद अघिया स्थित मदरसे का छात्र है। पिता ने बताया कि मोहर्रम की छुट्टी समाप्त होने पर बेटे को मदरसा छोड़कर आया था। पुलिस की पूछताछ में मोहम्मद ने बताया कि बुधवार को दो व्यक्ति उसे जबरन साथ ले जा रहे थे। वह जान बचाकर भाग निकला। पीछा कर रहे व्यक्तियों ने उसे बाबूगंज बाजार के पास पकड़ लिया। हाथ-पैर बांधकर खेत में फेंक दिया। एएसपी पश्चिमी बृजनंदन राय ने बताया कि छात्र के बयान के आधार पर बाबूगंज बाजार के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फिलहाल अभी तक अपहरण मामले की पुष्टि नहीं हो सकी है।