आसपुर देवसरा में मासूम के साथ अश्लील हरकत करने की घटना में पुलिस ने खेल कर दिया। मामले में गिरफ्तार आरोपी का शांंतिभंग की धारा में चालान कर दिया। क्षेत्र में पुलिस के इस खेल की दिन भर चर्चा रही। क्षेत्र के एक गांव में बाग में खेलने गई मासूम के साथ मजदूरी कर रहे एक वृद्ध ने अश्लील हरकत की थी। इस मामले में आसपुर देवसरा पुलिस ने मानसिक दिव्यांग 7 वर्षीय मासूम के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ पाॅस्को एक्ट व छेड़छाड़ की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था। सैफाबाद चौकी इंचार्ज एके सिंह ने बताया कि दर्ज मुकदमे की धाराओं में 7 वर्ष से कम सजा होने के कारण आरोपी को जेल नहीं भेजा गया। आरोपी का शांति भंग में चालान कर दिया गया है। बालिका का पुलिस के समक्ष बयान हो चुका है। प्रतापगढ़ में अधिवक्ताओं की हड़ताल के चलते बृहस्पतिवार को बयान नहीं कराया जा सका। जल्द ही न्यायाधीश के समक्ष बालिका का बयान करा दिया जाएगा।