कोहड़ौर थाना क्षेत्र के सरायरजई अकारीपट्टी गांव के करीब बृहस्पतिवार की रात सुलतानपुर के सराफ से लाखों रुपये के जेवरात व 35 हजार रुपये लूटने वाले बदमाशों को पुलिस ने आठ घंटे के भीतर मुठभेड़ में पकड़ लिया। तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि दो बदमाश भागने में कामयाब रहे। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है। घटना को अंजाम देने वाले दो बदमाश गिरोह के साथ सुलतानपुर, अमेठी समेत पड़ोसी जनपदों में कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
सुलतानपुर जनपद के ज्ञानीपुर निवासी सराफ महेंद्र उर्फ मोनू कसौधन ने मदाफरपुर बाजार में आभूषण की दुकान खोल रखी है। बृहस्पतिवार की रात दुकान बंद कर घर जाते समय दो बाइक सवार पांच बदमाशों ने महेंद्र को बाइक से गिराकर लाखों रुपये व 30 हजार रुपये से भरे बैग को लूट लिया। बदमाशों ने फायरिंग भी की। सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में खलबली मच गई। रात में ही सीओ सिटी, एएसपी पूर्वी दुर्गेश सिंह पहुंचकर छानबीन करने लगे। पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने मातहताें को बदमाशों को पकड़ने तक फील्ड में ही काम करने का आदेश दिया। पुलिस बाजार में सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने लगी। पीड़ित सराफ की तहरीर पर पुलिस ने पांच बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। घटना के आठ घंटे बाद शुक्रवार भोर में कोहड़ौर के राय चौराहा पर स्वाट टीम प्रभारी सुनील यादव, प्रभारी थानाध्यक्ष एहसानुल हक व विवेक मिश्रा पुलिस टीम के साथ बदमाशों की तलाश में पहुंचे। तभी दो बाइक सवार पांच बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। मगर बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बाइक सवार तीन बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। फायरिंग कर रहे भाग रहे तीन बदमाशों के दाहिने पैर में गोली लगी। जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो बदमाश भाग निकले। पुलिस की गोली से घायल कोहड़ौर के वाजिदपुर निवासी इमरान, दिलीपपुर के खमपुर का अरबाज और रामपुर जरियारी मो. नदीम को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया। उनके पास से तीन तमंचा, कारतूस के साथ ही सराफ से लूट की घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने सराफ का लूटा गया बैग बरामद किया। जिसमे 11.5 ग्राम सोने का आभूषण व आधा किलो से अधिक चांदी, लूटा गया मोबाइल और आठ हजार रुपये मिला। पीड़ित सराफ से बदमाशों की शिनाख्त कराई गई। बरामद जेवरात की पहचान भी उसने की। मुठभेड़ की जानकारी मिलने पर एसपी अस्पताल पहुंचकर बदमाशों से पूछताछ की। शाम को कोहड़ौर पुलिस ने तीनों बदमाशों की अस्पताल से छुट्टी कराकर न्यायालय में पेश किया। जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया। एसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि मुठभेड़ में पकड़े गए बदमाश सुलतानपुर, अमेठी समेत अन्य जनपदों में लूट की घटनाओं को अंजाम देते हैं। घटना में शामिल फरार बदमाश कोहड़ौर निवासी महबूब अली उर्फ मोटू और महफूज की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है।
हिस्ट्रीशीटर छुरीबाज का भाई अरबाज भी चला अपराध की राह पर
दिलीपपुर थाने के हिस्ट्रीशीटर खमपुर निवासी इस्तेखार उर्फ छुरीबाज भी अपराध की राह पर निकल पड़ा है। चूंकि छुरीबाज का साला वाजिदपुर निवासी लुटेरा इमरान है। अरबाज के संपर्क में रामपुर जरियारी का रहने वाला नदीम आ गया। लुटेरे इमरान के ऊपर कोहड़ौर थाने में तीन मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह का सरगना महबूब उर्फ मोटू बताया जा रहा है। अरबाज का पिता बीमारी के चलते चारपाई पर पड़ा है।
संगत से बिगड़ा इकलौता बेटा नदीम
दिलीपपुर थाना क्षेत्र के रामपुर जरियारी निवासी नदीम अपने मां-बाप का इकलौता बेटा है। वह बुधवार को घर से दोस्त के घर जाने की बात कहकर निकला था। पिता नसीम मुंबई में टैक्सी चलाते हैं।
तीन माह पहले भी सराफ की हुई थी रेकी
सराफ महेंद्र कसौधन को लूटने की तीन माह पहले बदमाशों ने रेकी की थी। मगर पुलिस ने गैंग में शामिल एक बदमाश को पकड़ लिया। जिसके बाद दूसरे बदमाश भागकर मुंबई चले गए। दस दिन पहले इमरान व महबूब मुंबई से लौटे थे। मौका देख बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया।
मोबाइल से बदमाशों तक पहुंची पुलिस
सराफ महेंद्र घर जाते समय जेवरात वाले बैग में ही अपना मोबाइल रख दिया। सूत्रों के अनुसार बदमाश लूट के बाद बैग लेकर भागे। तीन बदमाश बैग के साथ दिलीपपुर के खमपुर पहुंच गए। बैग में मिले जेवरात व 22 हजार रुपये लेकर फरार बदमाश चले गए। जबकि तीनों बदमाश बैग में रखा मोबाइल, जेवरात व रुपये लेकर पुलिस से बचने की जुगत में लगे रहे। इस बीच तीनों पुलिस मुठभेड़ में पकड़ लिए गए।
बदमाशों के पास से बरामद हुआ जेवरात व रुपये
पुलिस मुठभेड़ में घायल बदमाश इमरान के पास से तीन हजार रुपये, तीन पायल,दो कड़ा पैर का चांदी का, नदीम के पास से दो हजार रुपये दो पीली धातु के कान के फूल, 20 पांव की बिछिया, एक पायल और अरबाज के पास से तीन हजार रुपये दो पायल, एक गुच्छा कमर का, एक जंजीर, एक जोड़ी विछिया, एक कड़ा पैर का बरामद हुआ।