कोर्ट में रिमांड पर जाते समय पुलिस अभिरक्षा से फरार दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया। एसपी के आदेश पर इस मामले में निलंबित प्रभारी एसओ , आरोपी समेत पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने लिखापढ़ी के बाद उसे जेल भेज दिया। फतनपुर पुलिस शुक्रवार की देर रात थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव में दबिश देकर दुराचार के आरोपी जितेंद्र को घर से दबोच लिया था। शनिवार को फतनपुर के प्रभारी एसओ अनिल कुमार पांडेय चार पुलिसकर्मियों के साथ उसे लेकर कोर्ट पहुंचे। कचहरी के लॉकअप के पास सिपाहियों को चकमा देकर जितेंद्र भाग निकला था।
लापरवाही मिलने पर पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने फतनपुर के प्रभारी एसओ अनिल कुमार पांडेय को निलंबित कर दिया। आरोपी की तलाश में रानीगंज, फतनपुर, नगर कोतवाली व मानधाता पुलिस को लगाया था। करीब 11 घंटे बाद नगर कोतवाल सत्येंद्र कुमार सिंह ने दुराचार के भगोड़ा आरोपी जितेंद्र को कटरा मेदनीगंज चौराहे से दबोच लिया। सिविल लाइंस पुलिस चौकी प्रभारी धनंजय राय की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने निलंबित प्रभारी एसओ अनिल कुमार पांडेय, सिपाही वीपी सिंह, पीआरडी जवान संदीप व दुराचार के आरोपी जितेंद्र के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।