प्राइमरी स्कूल पूरे भैया की जर्जर छत का प्लास्टर बृहस्पतिवार को भर-भराकर गिर पड़ा। गनीमत रही कि जिस स्थान पर बच्चे पढ़ाई कर रहे थे, उस स्थान प्लास्टर नहीं गिरा। बच्चे बाल-बाल बच गए। अभिभावकों को इसकी जानकारी हुई तो वे अपने बच्चों की चिंता करते हुए स्कूल पहुंचे। बच्चों को ठीक देख उन्होंने राहत की सांस ली और उन्हें साथ घर ले गए।
सदर विकास खंड के प्राइमरी स्कूल पूरेभैया के भवन के छत पुरानी ही नहीं, जर्जर भी है। सुबह स्कूल में पढ़ाई चल रही थी, तभी जर्जर छत का प्लास्टर गिरने लगा। प्लास्टर गिरता देख कक्षा एक और दो के बच्चे पढ़ाई छोड़ बाहर की ओर भागे। अध्यापक भी बच्चों के पीछे-पीछे बाहर आ गए। हादसे में बच्चे बाल-बाल बच गए। लोगों के मुताबिक करीब तीस वर्ष पहले बना स्कूल भवन पूरी तरह जर्जर हो गया है। प्रधानाध्यापक विक्रम सिंह ने छत का प्लास्टर गिरने और स्कूल भवन जर्जर होने की जानकारी विभगीय अधिकारियों को दी। उन्होंने बताया कि दो माह पहले भी खंड शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर जर्जर भवन की स्थिति से अवगत कराया था। संवाद