मानधाता सीएचसी में छज्जे का गिरा प्लास्टर। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओपीडी भवन का छज्जा मंगलवार को अचानक गिर गया। चपेट में आने से एक गर्भवती महिला घायल हो गई। हंगामे की आशंका देख डाक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया।
प्रयागराज के बहरिया थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी ईश्वरचंद्र की पत्नी नीतू (24) गर्भवती है। वह अपने मायके रामपुर आई है। मंगलवार को तबियत खराब होने के कारण नीतू अपनी मां सीता देवी के साथ इलाज कराने मानधाता पीएचसी पहुंची। चिकित्सक को दिखाने के लिए वह ओपीडी के बाहर लाइन में लगी थी।
अचानक ओपीडी भवन के बीम व छत का छज्जा टूटकर गिरने लगा। नीतू के ऊपर भी एक टुकड़ा गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पीएचसी प्रभारी डॉक्टर अभिषेक सिंह ने कहा कि छज्जा नहीं बल्कि रेलिंग का प्लास्टर टूटकर गिर है। महिला को मामूली चोटें आई थीं। जर्जर भवन के बारे में सीएमओ को अवगत कराया जा चुका है।