संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। जिले में गंभीर मरीजों को अब प्लेटलेट्स, प्लाज्मा व पीआरवीसी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में कंपोनेंट सेपरेटर की स्थापना हो गई है। करीब छह महीने से इसे लगाने की प्रक्रिया चल रही थी। सोमवार को डीएम के पूजन अर्चन के बाद मशीन का संचालन शुरू किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में इस समय केवल होल ब्लड की सुविधा है। ऐसे में अगर किसी मरीज को प्लेटलेट्स, प्लाज्मा व पीआरवीसी की जरूरत पड़ जाए तो सीधे उसे प्रयागराज रेफर कर दिया जाता था। इस समस्या को देखते हुए शासन ने कंपोनेट सेपरेटर मुहैया करा दिया है। सोमवार को जिलाधिकारी प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव उद्घाटन करेंगे। इस मशीन के लगने से होल ब्लड से प्लाज्मा, प्लेटलेट्स व पीआरवीसी को आसानी से अलग किया जा सकेगा। मरीज को प्लाज्मा व प्लेटलेट्स अब आसानी से मिल जाएगा। ब्लड बैंक प्रभारी दीपिका केसरवानी ने बताया कि तैयारी पूरी है। सोमवार को उद्घाटन के बाद मरीजों को प्लेटलेट्स प्रदान की जाएगी।
-
मरीजों को पीआरवीसी के लिए नहीं करनी होगी भागदौड़ मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव ने बताया कि खून की कमी पर पीआरवीसी चढ़ाने की जरूरत होती है। अधिकांश डेंगू के मरीजों को प्लेटलेट्स की जरूरत पड़ती रहती होती है। हीमोग्लोबिन कम होने पर होल ब्लड चढ़ाया जाता है। यह तीनों सुविधा मिलने से मरीजों को काफी हद तक राहत मिलेगी। उनको अपना इलाज करवाने के लिए भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी।