संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव के चलते जुकाम, खांसी, बुखार के मरीज बढ़ने लगे हैं। सुबह से ओपीडी में भीड़ लगने लगती है। अस्पताल में करीब 400 मरीज प्रतिदिन आ रहे हैं। सबसे अधिक वायरल के मरीज पहुंच रहे हैं।
शनिवार सुबह से ओपीडी में मरीजों की भीड़ लगी रही। इसके अलावा पैथोलाजी में भीड़ रही। 12 सौ मरीजों ने अपना पंजीकरण कराया। जुकाम और बुखार से पीड़ित 400 मरीजों ने ओपीडी में चिकित्सकों से इलाज कराया। इसमें से 130 लोगों का ब्लड सैंपल लिया गया। चिकित्सकों ने बताया कि सप्ताहभर से जुकाम, खांसी और बुखार के मरीज बढ़ गए हैं।
बाल रोग विशेषज्ञ डाॅ. अनिल कुमार ने बताया कि बारिश के बाद मौसम में हुए बदलाव के चलते मौसमी बीमारी तेजी से पाव पसार रही हैं। बुखार होने पर बच्चों को गीले कपड़े से शरीर को पोछ दें। छोटे बच्चों के गीले कपड़े समय पर बदलते रहें, जिससे बच्चों को सर्दी, जुकाम खांसी के साथ त्वचा इंफेक्शन से बचाया जा सके।