डेयरी पर दूध पहुंचाकर आते समय साइकिल सवार वृद्ध की स्कूल बस के चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की जानकारी पर परिजनों में हाहाकार मच गया। मृतक के भाई ने अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश कर जा रही है।
लीलापुर थाना क्षेत्र के सिंधौर निवासी साठ वर्षीय तेज बहादुर सिंह साइकिल से शनिवार की सुबह आठ बजे डेयरी पर दूध पहुंचाने गया था। लौटते समय साहबगंज मोड़ के समीप तेज गति से आ रही सगरा सुंदरपुर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर काॅलेज की बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में लहूलुहान वृद्ध को स्थानीय पुलिस आननफानन में लालगंज ट्रामा सेंटर ले गई। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी पत्नी शीला सिंह समेत परिजनों को हुई तो चीख पुकार मच गई। मृतक के दो बेटे हैं, जो कामकाज के सिलसिले में दिल्ली में रहते हैं।
मामले में मृतक के भाई अवधेश सिंह ने स्कूल बस के अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक बस चलाते हुये टक्कर मारने से मौत होने की तहरीर दी है। लीलापुर एसओ नीरज कुमार यादव ने बताया कि बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। फरार आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। शव को पीएम के लिये भेजते हुये मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।