601 में से मौके पर 27 निस्तारित, कुंडा में सबसे ज्यादा 241 शिकायतें
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ। जिले की पांच तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 601 शिकायतें आई। इसमें से अफसरों ने 27 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करने का दावा किया है। शेष 574 मामलों में फरियादियों को जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। हालांकि यह आश्वासन नया नहीं है, हर बार लोगों को अमूमन यही आश्वासन दिया जाता रहा है।
डीएम प्रकाशचंद्र श्रीवास्तव और एसपी सतपाल अंतिल ने रानीगंज तहसील में 155 शिकायतें सुनीं। कुंडा तहसील में एडीएम त्रिभुवन विश्वकर्मा शिकायतें सुनने पहुंचे तो लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। उनके सामने 241 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें से पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करने का दावा किया जा रहा है। आरोप है कि ज्यादातर शिकायतों का निस्तारण सिर्फ कागजों पर किया जा रहा है, इसी वजह से संपूर्ण समाधान दिवसों पर शिकायतों का अंबार लग रहा है।
किस तहसील में आईं कितनी शिकायतें
तहसील - प्राप्त शिकायतें - निस्तारित मामले - मिला आश्वासन
रानीगंज - 155 - 08 - 147
कुंडा - 241 - 05 - 236
पट्टी - 66 - 05 - 61
सदर - 57 - 04 - 53
लालगंज - 82 - 05 - 77
..........................................................................................................................................
कुल योग - 601 - 27 - 574
................................................................................
0 शिकायत तो करते हैं, मगर नहीं होता समाधान
दिव्यांग होकर तीन वर्ष से राशन कार्ड बनवाने के लिए अफसरों की परिक्रमा कर रहे हैं, मगर अब तक राशनकार्ड नहीं बना है। पत्नी विमला देवी के नाम राशन कार्ड बनना था, लेकिन अधिकारी रिपोर्ट लगाकर शिकायत को झूठी बता देते हैं, इसकी जानकारी भी नहीं मिलती है।
सूबेदार यादव, कलीमुरादपुर
0 शिवगढ़ ब्लॉक की हरनाहपुर ग्रामसभा में प्रधान फर्जीवाड़ा करके सरकारी धन का बंदरबाट कर रहे हैं। कई बार फर्जीवाड़े की शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
गोविंद प्रसाद पांडेय, हरनाहपुर
0 एक दशक से पहले रानीगंज सीएचसी की स्थापना के लिए जमीन ली गई। उसके एवज में 4 बिस्वा 10 घूर जमीन दी गई, लेकिन आज तक उस पर कब्जा नहीं मिल सका। कई बार शिकायत के बाद 25 जून को तहसील प्रशासन ने कब्जा दिलाते हुए पत्थर लगवाए लेकिन बाद में विपक्षी ने उसे उखाड़ कर फेंक दिया। अब कोई सुनने को तैयार नहीं है।
राम नेवाज, मानपुर
0 जमीनी विवाद को लेकर आए दिन पड़ोसी मारते- पीटते रहते हैं। थाने और तहसील में शिकायत के बावजूद विपक्षियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
राजकली, डीघवट
चकमार्ग पर अवैध रूप से गांव के ही अतिक्रमणकारियों ने जोत लिया है। इससे लोगों को आवागमन की समस्या है। कई बार इसकी शिकायत की गई लेकिन अब तक हल नही निकल सका।
राम शिरोमणि सिंह, सिंगठी खालसा