थाना क्षेत्र के हाजीगंज गांव के समीप सोरांव-शांतिपुरम मार्ग पर हुआ हादसा
प्रतापगढ़-सोरांव। हाजीगंज गांव के समीप सोरांव-शांतिपुरम मार्ग पर दो बाइक की भिड़ंत में एक प्रतापगढ़ के कटरा गुलाब सिंह निवासी युवक कौशलेश की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस परिजनों को सूचना देते हुए घायल को अस्पताल भेजा। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। मृतक के भाई की तहरीर पर सोरांव पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है। टक्कर मारनेे वाले बाइक सवार मौके से फरार हो गए।
प्रतापगढ़ जनपद के थाना जेठवारा कटरा गुलाब सिंह निवासी कौशलेश गुप्ता उर्फ राजू (38) गांव के ही अपने मित्र अभिषेक (32) के साथ बाइक से प्रयागराज जा रहा था। सोरांव थाना क्षेत्र के हाजीगंज के सोरांव-शांतिपुरम मार्ग किनारे पेट्रोल पंप के समीप सामने से आ रहे बाइक सवार से उसकी टक्कर हो गई। कौशलेश की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुलिया से जा टकराई। गंभीर चोट आने से कौशलेश बेहोश हो गया। उसका साथी अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया।
दोनों को पुलिस सोरांव सीएचसी ले गई। जहां पर डाॅक्टरों ने परीक्षण के बाद कौशलेश को मृत घोषित कर दिया। कौशलेश दो भाइयों में बड़ा था। माता पिता बचपन में ही गुजर गए थे। कौशलेश अपने छोटे भाई के साथ कटरा गुलाब सिंह चौराहे पर मोबाइल की दुकान चलाता था। मृतक कौशलेश के भाई कमलेश ने सोरांव थाने में तहरीर देते हुए अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।