सीएमएस ने दी चेतावनी, जांच में एक्सपायर्ड इंजेक्शन वायल व दवा मिलने पर होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। डॉ. सोने लाल पटेल मेडिकल कॉलेज के राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय में मरीजों को एक्सपायर्ड इंजेक्शन लगाने के मामले में सीएमएस ने कड़ा रुख अपनाया है। अस्पताल के वार्डों में नोटिस चस्पा किया गया है। वार्ड इंचार्जो को निर्देश दिए गए हैं कि एक्सपायर्ड इंजेक्शन वायल और दवाएं औषधि भंडार में जमा कराएं। ताकि एक्सपायर्ड इँजेक्शन व दवाएं केंद्रीय औषधि भंडार को वापस की जा सकें।
राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. रमेश पांडेय ने बताया कि एक्सपायर्ड या जल्द होने वाले इंजेक्शन और दवाएं रखना गलत है। अगस्त में जो इंजेक्शन वायल, सिरिंज और दवाएं एक्सपायर्ड होने वाली हैं, उन्हें अलग कर औषधि भंडार में जमा कराया जाएगा। इस संबंध में मेडिकल वार्ड, चिल्ड्रेन वार्ड, सर्जिकल पुरुष और महिला वार्ड के प्रभारियों को निर्देश दिया गया है।
वार्ड प्रभारियों से यह भी कहा गया है कि जिस स्थान पर इंजेक्शन व दवाएं रखी जाती हैं, वहां हर दिन सफाई कराई जाए। यदि किसी वार्ड में एक्सपायर्ड इंजेक्शन, सिरिंज व दवाएं मिलती हैं तो वहां के वार्ड प्रभारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। सभी को सतर्क करते हुए वार्ड में नोटिस चस्पा कराया गया है।