व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की नहीं होगी लिखित परीक्षा
राज्य विश्वविद्यालय ने परीक्षा प्रणाली में किया बदलाव
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। अब स्नातक छात्र-छात्राओं को व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की प्रायोगिक परीक्षा कराई जाएगी। विश्वविद्यालय की ओर से जारी किए गए प्रवेश पत्र पर प्रायोगिक परीक्षा की जानकारी दे दी गई है।
प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय द्वारा स्नातक की परीक्षा प्रणाली में बदलाव कर दिया गया है। नए सत्र से छात्र-छात्राओं की सेमेस्टर प्रणाली के आधार पर परीक्षा कराई जा रही है। ऐसे में स्नातक के छात्र-छात्राओं को कुल छह प्रश्नपत्रों की परीक्षा देनी होगी। जिसमें एक व्यावसायिक प्रश्नपत्र की परीक्षा कॉलेज स्तर पर कराई जाएगी। काॅलेज स्तर पर इन विषयों की प्रायोगिक और मौखिकी परीक्षा होगी।
विश्वविद्यालय द्वारा पिछले सत्र 2021 से नई शिक्षा नीति लागू की गई है। नई शिक्षा नीति के तहत पाठ्यक्रम में व्यावसायिक विषयों को भी शामिल किया गया है। हालांकि इन विषयों की परीक्षा क्वालीफाइंग आधार पर होती थी। इसके अंक मुख्य परीक्षा के अंकों के साथ नहीं जोड़े जाते थे। इस बार से विश्वविद्यालय ने इन विषयों की परीक्षा प्रायोगिक आधार पर कराने का निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी किए गए प्रवेश पत्र पर व्यवसायिक प्रश्नपत्रों की जानकारी दी गई है। कम्प्यूटर, फूड प्रोसेसिंग, गार्डेनिंग सहित कुल 30 व्यावसायिक पाठ्यक्रम विश्वविद्यालय ने नई शिक्षा नीति के तहत जारी किए थे।
इनसेट
बैक पेपर देने वालों को हुआ लाभ
पिछले सत्र 2021 में स्नातक प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं की व्यवसायिक प्रश्नपत्रों की परीक्षा लिखित आधार पर कराई गई थी। जिले के लगभग सैकड़ों छात्र इन विषयों की परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर पाए थे। इन विषयों में फेल होने पर छात्र-छात्राओं ने बैक पेपर फार्म भरा था। इस बार उनकी व्यावसायिक पाठ्यक्रम के प्रश्नपत्र की परीक्षा लिखित नहीं होगी। उन्हें भी इन विषयों की प्रायोगिक परीक्षा देनी होगी।
वर्जन- व्यावसायिक पाठ्यक्रम के प्रश्नपत्र प्रायोगिक आधार पर कर दिए गए हैं। इनकी विषयों की परीक्षाएं काॅलेज स्तर पर कराई जाएंगी। बैक पेपर के छात्र भी इन विषयों की प्रायोगिक और मौखिकी परीक्षा देंगे।
संजय कुमार, कुलसचिव, राज्य विवि।