बिजली विभाग की लेटलतीफी उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का सबब बन गई है। 50 से अधिक गांवों की गायब हुई बिजली की आपूर्ति करीब 11 घंटे बाद बहाल की जा सकी। शनिवार शाम से रविवार की सुबह तक भीषण गर्मी में लोग बेहाल रहे। मगर, समय से फॉल्ट सही नहीं किया जा सका।
दिलीपपुर और सोनाही विद्युत उपकेंद्र की मेन लाइन में फॉल्ट आने से दोनों उपकेंद्र से जुड़े करीब 50 गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। शनिवार की शाम करीब 5.30 बजे आपूर्ति ठप होने पर लोगों ने उपकेंद्र पर शिकायत की। अवर अभियंता मनीष तिवारी ने कर्मचारियों के साथ फॉल्ट को ढूढने के प्रयास में जुट गए। दिलीपपुर से सोनाही विद्युत उपकेंद्र की सप्लाई में फॉल्ट की तलाश की गई, लेकिन देर शाम तक फॉल्ट का पता नहीं चल सका। रात भर ग्रामीण गर्मी से परेशान होकर इधर उधर टहलने लगे।
पेड़ की छांव के नीचे लोगों ने हाथ पंखा झलाकर रात गुजारी। वहीं बिजली आपूर्ति न होने से पानी की समस्या ने भी ग्रामीणों को परेशान किया। हालांकि ग्रामीणों की नाराजगी को देख सुबह भोर में ही बिजली कर्मचारी फॉल्ट का पता लगाने के लिए निकले। भूपियामऊ की 33 केवीए की लाइन में फॉल्ट की जानकारी मिली। उसे दुरूस्त कराकर आपूर्ति बहाल की गई। सुबह करीब 4.30 बजे बिजली सप्लाई शुरू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। अवर अभियंता मनीष तिवारी ने बताया कि बारिश की वजह से फॉल्ट आया था। फॉल्ट को सही कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।