शहर के कटरा रोड स्थित न्यू एंजिल्स इंटर कॉलेज में परीक्षा देने गए 12 परीक्षार्थियों की मोबाइल चोरी हो गए। परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थियों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन शिकायत करने की सलाह देकर रवाना कर दिया।
सेंट जेवियर्स कॉलेज के हाईस्कूल के छात्रों का परीक्षा केंद्र न्यू एंजिल्स इंटर कॉलेज को बनाया गया है। शुक्रवार को हिंदी विषय की परीक्षा थी। प्रथम पाली में सुबह 10.30 से 1.30 बजे के बीच हुई परीक्षा में परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा देने से पहले परीक्षार्थियों ने बाइक को कॉलेज के सामने खड़ा किया था।
बाइक में मोबाइल रखकर परीक्षार्थी परीक्षा देने चले गए। परीक्षा समाप्त होने के बाद जब वह बाहर निकले तो उनके बाइक की डिक्की खुली थी। डिक्की से मोबाइल गायब होने पर परीक्षार्थी परेशान हो गए। परीक्षार्थियों ने परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक से शिकायत की।
केंद्र व्यवस्थापक ने परीक्षार्थियों को बताया कि मोबाइल परीक्षा केंद्र पर जमा किया जाता है। बाइक में मोबाइल नहीं रखना चाहिए था।
मौके पर पहुंची पुलिस ने परीक्षार्थियों को ऑनलाइन शिकायत करने की सलाह दी। यह कोई नई घटना नहीं है। इसके पहले भी पीबीपीजी कॉलेज सिटी प्रतापगढ़ में परीक्षा के दौरान 12 से अधिक परीक्षार्थियों का मोबाइल चोरी हो चुका है।
छात्र अनस, वात्सल्य यादव, सचिन, गौरव सहित सभी पीड़ित छात्रों ने शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।