जामताली में पीड़ित स्वर्णकार से पूछताछ करती पुलिस। संवाद
रानीगंज थाना क्षेत्र के जामताली बाजार की घटना, सराफ को नशीला पदार्थ सुंघाकर किया बेहोश
संवाद न्यूज एजेंसी
बीरापुर। रानीगंज के जामताली बाजार में आभूषण की दुकान से जेवरात खरीदने के बहाने बदमाश दुकानदार को नशीला पदार्थ सुंघाकर लाखों रुपये का जेवरात लेकर भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन के बाद लौट गई।
पट्टी कस्बा निवासी विंध्यवासिनी सोनी उर्फ पप्पू सोनी ने जामताली बाजार में आभूषण की दुकान खोल रखी है। रविवार दोपहर दो लोग बाइक से आए और जेवरात खरीदने की बात कहने लगे। पप्पू ग्राहकों को सोने का लॉकेट दिखाने लगा। इस बीच बदमाश उसके करीब पहुंचे और उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया। इससे वह अचेत हो गया। जिसके बाद बदमाश करीब तीन लाख रुपये के जेवरात समेटकर भाग निकले। कुछ देर बाद होश आने पर पप्पू ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन के बाद बाजार में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालती रही।
व्यापारी के घर चोरी करने वाले संदिग्धों को ले गई अमेठी पुलिस
मदाफरपुर। अमेठी जिले के रामगंज में व्यापारी लवकुश जायसवाल के घर में बृहस्पतिवार की हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में वहां की पुलिस बदमाशों की खोजबीन कर रही थी। कोहड़ौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार में शनिवार की रात दबिश दी। दबिश के दौरान मांस विक्रेता गुलजार अहमद के घर फरारी काट रहे भांजे को हिरासत में ले लिया। साथ ही चंदुआडीह निवासी धीरज को भी पुलिस साथ ले गई।
दवा लेने गई महिला का पर्स चोरी
कुंडा। आमामऊ बसवाही निवासी लक्ष्मी देवी शनिवार को दोपहर में कस्बा स्थित एक मेडिकल स्टोर पर दवा लेने आई थी। दवा लेने के बीच में ही महिला का पर्स गिर गया। जिसे एक व्यक्ति चुराकर भाग निकला। पीड़िता ने रविवार को पुलिस को तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि पर्स में एक मंगलसूत्र, पांच हजार रुपये व आधार कार्ड था। पुलिस सीसीटीवी के जरिए खोजबीन कर रही है। संवाद