नगर क्षेत्र के करीब 13 हजार घरों में स्मार्ट मीटर तो लग गए। लेकिन, उपभोक्ताओं के सामने नई मुसीबत खड़ी हो गई है। क्षेत्र के 546 लोगों की शिकायत है कि उनका बिल स्मार्ट मीटर लगने के बाद से ज्यादा आने लगा है। उन्होंने कहा कि विभाग ने स्मार्ट मीटर लगाने की कवायद शुरू तो की। लेकिन, मीटर स्मार्ट नहीं बन पाए। उपभोक्ताओं के मुताबिक पहले तीन हजार बिल आता था। नया मीटर लगने से पांच हजार बिल आने लगा।
नगर क्षेत्र में 18 हजार बिजली उपभोक्ता हैं। जून से अब तक कार्यदायी संस्था ने 13 हजार घरों में स्मार्ट मीटर लगाए हैं। उपभोक्ताओं की शिकायत है पुराने मीटर की तुलना में स्मार्ट मीटर में अधिक बिल आ रहा है। शिकायत के बाद भी सुधार नहीं हो रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कार्यदायी संस्था के कर्मचारी छेड़छाड़ कर मीटर रीडिंग को अधिक कर दे रहे हैं। वहीं, सदर क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का 70 फीसदी काम पूरा हो चुका हैं।
बोले उपभोक्ता
नए स्मार्ट मीटर से बिल अधिक आ रहा है। पहले हर महीने तीन हजार रुपये तक बिल आता था। स्मार्ट मीटर लगने के बाद एकाएक बिल पांच हजार से अधिक आने लगा। विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन बिल को सुधारा नहीं किया गया।
हरीश शुक्ला, शुकुलपुर
..............
प्रतिमाह 25 सौ रुपये तक बिल आता था। जब से नया मीटर लगा है डेढ़ महीने का बिजली बिल 18 हजार रुपये आया है। जेई से कई बार शिकायत की लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। कार्यदायी संस्था के कर्मी मीटर रीडिंग बढ़ा दे रहे हैं।
अंजू श्रीवास्तव, दहिलामऊ उत्तरी
.......
जिन उपभोक्ताओं ने शिकायत की है उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा। देखा जाएगा कि किन कारण से बिजली का बिल अधिक आ रहा हैं।
सत्यपाल, अधीक्षण अभियंता