मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में स्थित एमपी कुंड में डूबने से मेडिकल छात्र की मौत हो गई। अचानक युवक की मौत से परिजनों पर दर्द का पहाड़ टूट पड़ा। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीत्कार मच गई।
दिलीपपुर थाना क्षेत्र के कोठियाही गांव निवासी देव प्रकाश तिवारी उर्फ पिंटू रेलवे में गार्ड हैं। वे मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन पर कार्यरत हैं। उनका इकलौता बेटा उत्कर्ष तिवारी (24) मेडिकल कॉलेज कानपुर में एमबीबीएस सेकेंड ईयर का छात्र था। एक दिन पहले वह कानपुर से दोस्तों के साथ मध्य प्रदेश घूमने गया हुआ था। पन्ना में बृहस्पति कुंड (झरना) में स्नान करते समय उसका पैर फिसल गया। ऊंचाई से नीचे गिरने से कुंड में समा गया। झरने में डूबने के कारण उसकी दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने रेस्क्यू कर शव को दो घंटे बाद कुंड से बाहर निकाला। सूचना मिलने के परिजनों में चीख पुकार मच गई। परिजन पन्ना जाने के लिए शाम को रवाना हो गए। घटना की जानकारी होने के बाद रेल कर्मचारी गार्ड के घर पहुंच गए। परिजनों के साथ मध्य प्रदेश गए रेलवे मेंस यूनियन के शाखा मंत्री अनिल शुक्ला ने बताया कि उत्कर्ष तिवारी का शव देर रात पहुंचने की संभावना है। निधन पर रेल कर्मियों ने शोक जताया है।