कंधई के वारी खुर्द में विवाहिता रेखा की बृहस्पतिवार को संदिग्ध दशा में मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की।
वारी खुर्द निवासी राम मूरत का विवाह पट्टी कोतवाली क्षेत्र के भदवछ गांव निवासी नंदलाल की पुत्री रेखा के साथ हुआ था। उसके अंश 11 वर्ष, अंशिका (7) व अनीसा (5) वर्ष तीन संतानें हैं।
बृहस्पतिवार की सुबह राममूरत रेखा को अचेत अवस्था में लेकर सीएचसी पट्टी पहुंचा। उसने बताया गया कि जब वह सुबह उठा तो पत्नी तख्त पर पड़ी थी।
सीएचसी में डॉक्टरों ने देखने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उसके गले व गाल पर काले निशान थे। सूचना के कुछ देर बाद मृतका का पिता नंदलाल, भाभी संगीता सहित उसके गांव के अन्य लोग भी आ गए। सीएचसी में हंगामा शुरू हो गया। लोग पति पर हत्या करने का आरोप लगाने लगे। कुछ महिलाओं का आरोप था कि दोनों के बीच काफी समय से विवाद होता था। इसी को लेकर पति ने उसकी हत्या की है।।
कंधई के उप निरीक्षक भूपेश सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मौत की वजह सामने आएगी।