मरीज नहीं हैं जागरूक, लगा रहे लाइन
प्रतापगढ़। मेडिकल कॉलेज में लाइन लगाने से परेशान लोगों के लिए राहतभरी खबर है। लोग अब आभा (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) कार्ड व एप के जरिए घर से ही अपने मोबाइल से पर्चा बना सकते हैं।
डॉ. सोने लाल पटेल मेडिकल कॉलेज में ओपीडी का पर्चा आभा एप से बनाने के लिए पहले इसे डाउनलोड करना होगा। आधार और मोबाइल नंबर से पंजीकरण करने के बाद मरीज को इलाज के लिए पर्ची मिल जाएगी।
इसके साथ ही इस एप में मरीज की मेडिकल हिस्ट्री भी सेव रहेगी, जो किसी भी अस्पताल में दिखाने पर मान्य होगी। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव ने कहा कि क्यूआर कोड अस्पताल में कई जगह लगाए गए हैं। मगर मरीजों में जागरूकता की कमी है इसलिए वह लाइन में लगे रहते हैं।
इनसेट-
आभा एप से इस तरह बनवा सकेंगे पर्चा
आभा से पर्चा बनवाने के लिए मरीज को मोबाइल में यह एप डाउनलोड करना होगा। आधार कार्ड और मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन होगा। अस्पताल में एप का क्यूआर कोड चस्पा रहेगा, उसे स्कैन करते ही एक एकाउंट नंबर मिल जाएगा। मरीज को पर्चा पटल पर उस नंबर को बताना होगा। इससे मरीज के आधार कार्ड की जानकारी स्क्रीन पर आ जाएगी। मरीज से केवल बीमारी के बारे में पूछा जाएगा और डाक्टर कक्ष का नंबर भरकर तत्काल पर्चा प्रिंट कर दे दिया जाएगा।
इनसेट-
पैथालॉजी और आंतरिक विभाग भी जुड़ेंगे
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में आभा एप से पर्चा बनाने की व्यवस्था शुरू हो चुकी है। आने वाले दिनों में इसको पैथालॉजी और आंतरिक विभाग से भी जोड़ा जाएगा। इससे मरीजों को भर्ती और डिस्चार्ज करने की भी योजना है।