शार्ट-सर्किट से लगी आग से कई बीघे गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।जेठवारा थाना क्षेत्र के खमपुर में हाईटेंशन लाइन गुजरी है। मंगलवार दोपहर हवा से बिजली के तार आपस में लड़ गए। इससे निकली चिंगारी गेहूं की फसल पर गिरी। देखते ही देखते चिंगारी शोला बन गई। खेत में आग लगी देख गांव के लोग दौड़ पड़े। आग से चंद्रकेश बहादुर सिंह, जयकेश सिंह, रामसुख पटेल व अवधराज सिंह की करीब सात बीघे फसल जलकर राख हो गई। बताया जाता है कि चार दशक पूर्व मऊआइमा से कटरा गुलाब सिंह जाने वाली 11 हजार वोल्ट की लाइन को बदलने के लिए ग्रामीणों ने कई बार अधिकारियों से मांग की थी। इसके बाद भी अधिकारियों ने कदम नहीं उठाया।