डेंगू के बढ़ते मरीजों की संख्या ने पिछले साल का रिकार्ड ध्वस्त कर दिया है। साथ ही दो दिनों में 17 नए मरीजों के मिलने की पुष्टि की गई है। सीएमओ ने बताया कि पिछले साल दिवाली पर डेंगू मरीजों की संख्या 387 थी, लेकिन इस बार यह संख्या 390 पहुंच गई है।
सोमवार और मंगलवार को हुई जांच में डेंगू के 17 नए मरीज मिलने की पुष्टि सीएमओ डॉ. जीएम शुक्ल ने किया है। बताया कि पिछले वर्ष डेंगू से आठ लोगों की जान गई थी। इस बार दो लोगों की ही जान गई है। संक्रमितों की संख्या अब रोजाना कम होती जाएगी। इससे लोगों को राहत मिलेगी। यह आंकड़ा स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी किया गया है। वहीं, निजी अस्पतालों में डेंगू मरीजों के इलाज के आंकड़े भी जोड़कर देखे तो यह संख्या 500 के पार पहुंच चुकी है। स्वास्थ्य विभाग इसे मानने को तैयार नहीं है। बीते वर्ष चिकनगुनिया और स्वाइन फ्लू के मरीज भी सामने आए थे। इस बार एक भी केस नहीं आया है।