जिले के 910 बड़े बकायेदारों के खिलाफ बिजली विभाग ने कुर्की का आदेश जारी कर दिया है। जिलाधिकारी डॉ.आदर्श सिंह ने कुर्की कार्रवाई की जिम्मेदारी तहसीलों के राजस्व अमीनों को दी है। अगर उन्होंने इस काम में हीलाहवाली की तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। साल भर से बकाया चल रहे बिजली बिल के बड़े बकाएदारों से वसूली के प्रति डीएम सख्त हुए हैं। हालांकि बिजली विभाग ने अपने स्तर से इनसे वसूली का प्रयास किया, मगर उसको कामयाबी नहीं मिली। समीक्षा बैठक में बिजली अधिकारियों को अपने ही अफसरों की डांट सुननी पड़ी। डीएम के निर्देश पर बिजली विभाग ने जिले के बड़े बकाएदारों जिन्होंने बिल न जमा करने में मनमानी दिखाई उनकी सूची बनाई। इनके खिलाफ अब कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। एक्सईएन ओपी मिश्रा ने बताया कि जिले में 910 बकायेदारों के खिलाफ कुर्की के आदेश हुए हैं। इसकी सूची तहसीलों को भेज दी गई है।